ऑनलाइन सेंटर पर छात्राओं का हंगामा:संचालक ने पैसे लेकर भी नहीं भरा सप्लीमेंट्री एग्जाम फॉर्म, अंगूठा लगवा कर खाते से रकम उड़ाई

सतना शहर में स्टेशन रोड पर स्थित एक ऑनलाइन सेंटर के संचालक ने छात्राओं के साथ ऐसी धोखाधड़ी की कि एक छात्रा का एक वर्ष बर्बाद हो गया, वहीं एक अन्य के खाते से रुपए निकाल लिए गए। छात्राओं को जब इसकी जानकारी हुई तो नाराज होकर सेंटर पर पहुंच हंगामा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, स्टेशन रोड पर स्थित नीरज ऑनलाइन शॉप में शुक्रवार को दो छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने सेंटर संचालक को खूब खरी खोटी सुनाई और शोर मचाते हुए भीड़ जमा कर ली। नाराज छात्राओं में से एक रागनी रजक (17) निवासी कृष्ण गढ़ ने बताया कि उसका 12वीं का परीक्षा परिणाम सप्लीमेंट्री (पूरक) आ गया था। उसने 2 अगस्त को नीरज ऑनलाइन पर आकर सवा 7 सौ रुपए जमा किए और सप्लीमेंट्री आवेदन भरवाया था। उस समय संचालक ने उसे कन्फर्म भी कर दिया था कि फॉर्म भरा जा चुका है। लेकिन शुक्रवार को होने वाली परीक्षा के लिए कल (गुरुवार) शाम जब वह एडमिट कार्ड निकलवाने पहुंची तो पता चला कि उसका तो फॉर्म जमा ही नहीं हुआ था। जब वह आज नीरज ऑनलाइन शॉप पहुंची तो संचालक ने पैसे वापस करने की पेशकश करते हुए कहा कि फॉर्म भरना भूल गया था। संचालक की बात सुनकर रागनी अवाक रह गई, उसका एक साल बर्बाद हो गया था, लिहाजा उसका गुस्सा भड़क उठा। खाता चेक करने के बहाने उड़ा दी रकम
रागनी का मसला चल ही रहा था कि इसी बीच सिविल लाइन निवासी नंदिनी विश्वकर्मा नामक छात्रा भी उसी नीरज ऑनलाइन शॉप पहुंची और अपने खाते से रकम निकालने का आरोप लगाते हुए उसने भी हंगामा कर दिया। नंदिनी ने बताया कि पिछले दिनों वह अपना सीवी बनवाने इस दुकान में आई थी। उसने अपने बैंक खाते का बैलेंस भी चेक करवाया था, तब खाते में 7 हजार रुपए थे। उसके बाद उसने रकम नहीं निकाली लेकिन अब जब वह रकम निकलवाने गई तो पता चला कि खाते में सिर्फ 4 हजार रुपए ही हैं। पता किया तो मालूम हुआ कि इसी सेंटर से पैसे निकाले गए। नंदिनी ने बताया कि सेंटर संचालक ने खाता चेक करने के लिए उस दिन उससे अंगूठा लगवाया था और उसकी का फायदा उठाते हुए उसी दिन उसके खाते से 3 हजार रुपए निकाल लिए। छात्राओं ने अपने साथ हुए इस फ्रॉड की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को भी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *