केंद्रीय गृहमंत्री शाह के बयान का विरोध:धार में कांग्रेस का प्रदर्शन, मौन धरना दिया; पुतला जलाने का प्रयास किया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर दिए बयान का कांग्रेस विरोध कर रही है। इसी के चलते शुक्रवार शाम को धार जिला मुख्‍यालय पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। शहर के त्रिमूर्ति चौराहे पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के सामने भाजपा सरकार की सद्बुद्धि को लेकर मौन धरना दिया। कांग्रेसी हाथों में बाबा साहब का चित्र लेकर चौराहे पर पैदल नारेबाजी करते हुए घुमे। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेसियों ने शाह के पुतले को जलाने का भी प्रयास किया। पुतला जलाने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पुतला छीन लिया था। हालांकि तब तक पूतले में आग लग चुकी थी, ऐसे में पुलिस ने समय रहते आग को बुझा दिया। प्रदर्शन के दौरान धार जिला कांग्रेस प्रभारी रघु परमार, बालमुकुंद सिंह गौतम, मनोज सिंह गौतम, अरविंद नायक सहित अन्‍य नेता मौजूद रहे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री शाह द्वारा आपत्तिजनक टिप्‍पणी करना भाजपा की दूषित मानसिकता को उजागर कर रही है। डॉ. अंबेडकर के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया हैं, जो कि बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब पर टिप्पणी लोकतंत्र और संविधान का अपमान करना है। इसके लिए अमित शाह को तुरंत माफी मांगना चाहिए और अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संसद में हुए घटनाक्रम के बाद राहुल गांधी पर हुई एफआईआर को लेकर भी विरोध किया। नेताओं के अनुसार राहुल गांधी संविधान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, इसी कारण भाजपा उन्‍हें षड्यंत्र करते हुए प्रकरण में फंसा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *