भास्कर न्यूज | जालंधर नशा तस्करों पर लगाम कसने और अपराध रोकने के लिए चलाए गए अॉपरेशन ‘क्लीन’ के तहत पुलिस ने 2334 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 5.9 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क और एसपी (इन्वेसिटीगेशन) सरबजीत राय ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत रिकॉर्ड 1,644 एफआईआर दर्ज कर 2,334 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा। इस दौरान 17 किलो अफीम, 8.6 किलो हेरोइन और 969 किलो पोस्त बरामद की गई। तस्करों की 5.9 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें से 4.47 करोड़ की संपत्ति पर ठोस कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, 1,822 युवाओं को नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती कराकर मुख्यधारा में वापस लाया गया है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के 20 मामलों में 29 आरोपी गिरफ्तार किए गए और 67 पिस्तौल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। अवैध शराब के खिलाफ 257 एफआईआर दर्ज कर 12,747 लीटर शराब और चालू भट्टियां नष्ट की गईं। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 40,050 चालान काटकर 2 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया।


