राष्ट्रप्रेम और वीर सैनिकों के सम्मान को समर्पित ऑपरेशन सिपाही स्वाभिमान अभियान के अंतर्गत चिरमिरी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र केशरवानी भवन, बड़ा बाजार में लगभग 15 हजार से अधिक राखियां एकत्र कर सेना को समर्पित की गईं। इन राखियों को चिरमिरी की मिट्टी के तिलक और संदेश पत्र के साथ भेजा गया। इस अभियान में बेटी बचाओ मंच (एमसीबी), वी-क्लब चिरमिरी, भाजपा महिला मोर्चा और नगर पालिका निगम की पार्षदों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी की। पूर्व सैनिक संगठन सिपाही के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा, कर्णी सेना सैन्य प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीके. सिंह सहित कोरबा, बिलासपुर और मुंगेली से आए जिला अध्यक्षों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि यह अभियान ‘तिरंगा, सिपाही और मेरा देश’ की भावना से प्रेरित है और इसका उद्देश्य वर्दीधारी सेवाओं के जवानों को सम्मान देना है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अपील पर आमजन, छात्र, महिलाएं व संगठन इसमें जुड़ रहे हैं। 27 जुलाई से शुरू यह अभियान 15 अगस्त को राज्य स्तरीय ध्वजारोहण के साथ संपन्न होगा। इस वर्ष 21 लाख रक्षा सूत्र एकत्र कर देशभर में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने का लक्ष्य है। अभियान का संयोजन शालिनी राजपूत एवं महिला फ्रंट मंडल द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता में भाजपा मंडल, महिला मोर्चा और स्थानीय पार्षदों का प्रमुख योगदान रहा। सेना के जवानों के लिए राखियां सौंपते हुए।


