कोरबा में मानिकपुर खदान में ठेका कंपनी के सुपरवाइजर और कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना दो दिन पहले की है। यहां कर्मचारी कंपनी के ऑफिस पहुंचे और उन्होंने सुपरवाइजर पर ट्रांसफर के नाम पर पैसों की मांग का आरोप लगाते हुए उसके और बाउंसर के साथ मारपीट की। ऑफिस में सुपरवाइजर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं कर्मचारियों ने भी कंपनी के सुपरवाइजर मोहंती और उनके बाउंसर पर कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। जानिए क्या है मामला मानिकपुर चौकी में कलिंगा कंपनी के कर्मचारी एलेश आनंद ने ऑफिस में मारपीट शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, एलेश पी. आनंद केसीसी (KCC) के अकाउंट विभाग में काम करता है। उसने बताया कि 17 मई 2025 की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने ड्यूटी पर था। उसी दौरान सुरेश पटेल, समेश पटेल, उदय पटेल और उनके कुछ साथी ऑफिस में आए। वे एक आवेदन लेकर आए थे और उसी को लेकर विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, बात-बात में ये लोग जबरदस्ती ऑफिस में घुस आए और सुपरवाइजर चक्रधर मोहंती और दीपक डे के साथ गालीगलौज करते हुए लोहे की रॉड और डंडों के साथ मारपीट करने लगे। इस हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई और उन्हें इलाज के लिए एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंपनी की शिकायत पर कुछ ग्रामीणों पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वायरल वीडियो के आधार पर अब तक चार ग्रामीणों आलोक कुमार पटेल, विजय कुमार यादव, उदय प्रसाद पटेल, सुरेश पटेल उर्फ मोटूये को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। दो दिन पहले कंपनी के सुपरवाइजर पर लगाया था मारपीट का आरोप बतादें कि दो दिन पहले ठेका कंपनी कलिंगा के सुपरवाइजर चक्रधर मोहंती और कंपनी के कर्मचारी के बीच विवाद हुआ था। कर्मचारियों ने मोहंती और उनके बाउंसर पर मारपीट का आरोप लगाया था। मानिकपुर खदान से प्रभावित सात गांवों के ग्रामीण शनिवार रात थाने पहुंचे। उन्होंने मोहंती के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया। अमन पटेल के मुताबिक, मोहंती कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों से ट्रांसफर के नाम पर पैसों की मांग करते हैं। इसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहंती कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हैं और जातिगत गालियां देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मोहंती के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें की गई हैं। लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कलिंगा कंपनी में स्थानीय लोगों की बजाय बाहरी लोगों को नौकरी दी जाती है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस की टीम उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। ……………………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें SECL कलिंगा कंपनी के मैनेजर पर मारपीट का आरोप:ग्रामीण बोले- काम के नाम पर पैसा मांगते है; खदान बंद करने की चेतावनी कोरबा में SECL की मानिकपुर खदान की ठेका कंपनी कलिंगा के मैनेजर चक्रधर मोहंती और कंपनी के चालकों के बीच विवाद हुआ। मोहंती और उनके बाउंसर पर कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप है। दोनों पक्षों ने मानिकपुर चौकी में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पढ़ें पूरी खबर…


