अमृतसर| शहर के पॉश इलाके रंजीत एवेन्यू में स्थित एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के ऑफिस से अज्ञात व्यक्ति ने लगभग 12 लाख रुपए की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिए। इस संबंध में रंजीत एवेन्यू पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता पुलकित अरोड़ा ने बताया कि वह एससीओ 52, पुष्पा टावर, ब्लॉक बी, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में लाइन लीफ ईवेंट मैनेजमेंट नामक कंपनी अपने साथियों के साथ चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन जून को उन्होंने अपने दफ्तर के लॉकर में करीब 12 लाख रुपये की नकदी और कुछ महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। अगली सुबह 4 जून को जब वह ऑफिस पहुंचे, तो देखा कि लॉकर गायब था और उसके साथ उसमें रखे पैसे और दस्तावेज भी चोरी हो चुके थे। उन्होंने कहा कि यह चोरी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई है, जो ऑफिस में घुसकर लॉकर समेत नकदी और दस्तावेज चुरा ले गया। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


