भास्कर न्यूज | सुकमा माहे रमजान में रोजा रखने व इबादत करने में बड़ों के साथ छोटे बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नमाज, रोजा, तिलावत व नेक कामों के जरिए अल्लाह की इबादत करने वाले नन्हें रोजेदारों की हौसला अफजाई करने सोमवार को ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष व बस्तर मुस्लिम समाज के संभागीय अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, जिलाध्यक्ष हाजी कसीमुद्दीन खान, सुकमा अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मोहम्मद अली, नायब सदर मो. हसन, शेख खालिद, हाफिज तौफिक, फारूक अली समेत अन्य मौजूद थे। बस्तर संभाग का पहला कार्यक्रम सुकमा जिला मुख्यालय में आयोजित किया गया है, जिसमें जिले के करीब 200 से ज्यादा बच्चों को सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी वसीम अहमद ने बताया कि प्रदेश संरक्षक फैजल रिजवी व प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज के निर्देश पर हर साल नन्हें रोजेदारों का सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को पुरस्कृत करना एक बहाना है, मकसद केवल बच्चों को दीन के करीब लाना है। फाउंडेशन ने बीते 6 साल से नन्हें रोजेदारों को सम्मानित किया। प्रदेश के साथ तेलंगाना व ओडिशा में भी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।


