तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में सोमवार शाम नर्मदा नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां ब्रह्मपुरी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पलट गई। नाव में 11 लोग सवार थे, जो नदी में गिर गए। गनीमत रही कि सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे वे डूबने से बच गए और उनकी जान बच गई। इंजन का पंखा पत्थर से टकराया, बिगड़ा संतुलन
हादसा तब हुआ जब नाव ब्रह्मपुरी घाट से मंदिर की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान नाव के इंजन का पंखा पानी के नीचे पत्थर और रेलिंग से टकराकर फंस गया। इससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव में सवार महिलाओं और बच्चों समेत सभी श्रद्धालु पानी में गिर गए। डैम के गेट खुले होने से बहाव तेज, 4 शहरों के थे यात्री
मांधाता पुलिस ने बताया कि श्रद्धालु अमरावती, रायपुर, गोरखपुर और सूरत से आए थे। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य नाविकों ने फुर्ती दिखाई और महज 5 मिनट के भीतर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि डैम के गेट खुले होने के कारण नदी का बहाव तेज था। साथ ही, नाव में क्षमता से अधिक सवारियां होने की भी आशंका जताई जा रही है।


