करौली में विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन:विधायक, कलेक्टर ने काटा फीता; स्टॉलों का किया निरीक्षण

राज्य सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में करौली में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य पिछले 2 साल में जिले में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को आमजन तक पहुंचाना था। सूचना केंद्र परिसर में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीणा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सरकार की उपलब्धियों को दर्शाया
प्रदर्शनी में सरकार के 2 साल के कार्यकाल के दौरान जिले में कराए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों को दर्शाया गया। इस अवसर पर जिले की विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से शिकायत की। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के पंजीयन में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। इस पर जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों को श्रमिक पंजीयन की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान करौली विधायक और जिला कलेक्टर ने भी ब्लड प्रेशर तथा शुगर की जांच कराई।
प्रदर्शनी उद्घाटन समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह, मंडल अध्यक्ष आशुतोष तिवाड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *