ओडिशा जा रहे ट्रक में 1 करोड़ से ज्यादा का गुटखा पुलिस ने पकड़ा

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से अवैध गुटखा और तंबाकू जब्त किया है। जब्त माल की कीमत 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए से ज्यादा आंकी गई है। गुरुवार को कुकदूर थाने की टीम गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। तभी दिल्ली-पंजाब-आसाम रोड लाइंस के ट्रक क्रमांक- एचआर 55 एके 9119 को रोका। जांच में ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद मिले। ड्राइवर के पास परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं था। ट्रक में 190 बोरियों में पान मसाला मिला, जिसमें करीब 15 लाख 96 हजार पाउच थे। इनकी कीमत लगभग 63 लाख 84 हजार रुपए बताई गई। इसके अलावा 38 बोरियों में च्यूइंग तंबाकू मिला, जिसकी अनुमानित संख्या भी 15 लाख 96 हजार पाउच रही। इसकी कीमत करीब 15 लाख 96 हजार रुपए आंकी गई। ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए से अधिक है। फिलहाल ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कर जांच जारी है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। कबीरधाम पुलिस की यह कार्रवाई अवैध कारोबारियों के लिए सख्त संदेश है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दिल्ली से कटक के लिए जा रहा था पकड़ा गया ट्रक पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक सुरजीत सिंह (24) बड़ाखेड़ा, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान ड्राइवर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने माल और ट्रक को जब्त कर धारा 106 बीएमएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। यह माल दिल्ली से कटक (ओडिशा) ले जाया जा रहा था। पुलिस को शक है कि यह माल तस्करी के लिए भेजा जा रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *