बदमाशों ने चाचा-भतीजे पर किया जानलेवा हमला

भास्कर न्यूज | कवर्धा कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम छुईया के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने भेड़ पालक चाचा-भतीजे पर जानलेवा हमला कर दिया। डंडे और टंगिया से हमला किया गया, जिससे दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से एक बकरा चोरी की रिपोर्ट कराने थाने गया था। लौटते समय पर उस पर हमला हुआ। मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 118(1), 296, 3(5) और 351 (3) के तहत एफआईआर दर्ज किया है। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित राजा रब्बारी मूलत: ग्राम वरसामेडी जिला कच्छ (गुजरात) का रहने वाला है। वह इन दिनों कबीरधाम जिले के कुकदूर क्षेत्र के ग्राम झूमर में डेरा डालकर रह रहा है। 30 जून को उसे जानकारी मिली कि ग्राम बिरईनबाह के जंगल में प्रभु रब्बारी के डेरा से बकरा चोरी हुआ है। वह 2 जुलाई को प्रभु रब्बारी के साथ कुकदूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गया। शाम करीब 5.30 बजे वह अकेले बाइक से अपने डेरा लौट रहा था। शाम करीब 6.30 बजे जब वह छुईया गांव के पास पहुंचा, तभी बाइक से आए तीन बदमाशों ने उस पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। उसी समय पीड़ित राजा का भतीजा लक्ष्मण रब्बारी वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। हमलावरों ने उस पर भी डंडों से हमला किया। भागने पर फिर घेर लिया पीड़ित राजा रब्बारी तेजी से बाइक चलाकर झूमर रोड की ओर भागा। छुईया बस्ती के बाहर नहर पुलिया पार करते ही वही तीनों बदमाश फिर आ गए। गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पास में मवेशी चरा रहा एक और व्यक्ति भी उनके साथ शामिल हो गया। चारों ने मिलकर कहा कि उसके भेड़-बकरियां उनके मवेशियों का चारा खा जाती हैं, इसलिए उसे जान से खत्म कर देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *