ओडिशा से जंगल के रास्ते पहुंच रहा था अवैध धान, प्रशासन ने किया जब्त

भास्कर न्यूज | मुकडेगा अवैध धान तस्करों पर प्रशासन की सख्ती लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए धान तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ओडिशा नंबर की एक पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन में कुल 59 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे उड़ीसा से लाकर लैलूंगा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में खपाने की कोशिश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह धान रात के समय कटकलिया–लैलूंगा मार्ग से होते हुए तस्करी कर लाया जा रहा था। जांच में सामने आया कि वाहन का मालिक हिमसागर यादव, निवासी लेफ़रीपारा उड़ीसा है। वहीं सह-चालक भी उड़ीसा का ही बताया जा रहा है, जो धान को छुपाकर लैलूंगा क्षेत्र में उतारने की योजना में शामिल था। नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार की जा रही कार्रवाइयों ने अवैध धान तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि धान तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान और अधिक तेज किया जाएगा, ताकि किसानों और शासन को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *