ओडिशा से सरिया ले जाए जा रहे 560 बोरी-धान जब्त:बिना दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। रविवार को सरिया तहसीलदार कोमल साहू के नेतृत्व में एक जांच दल ने ओडिशा से सरिया ले जाए जा रहे 560 बोरी अवैध धान से भरे एक माजदा वाहन को जब्त किया। यह कार्रवाई ग्राम बोरिदा में की गई। वाहन क्रमांक ओडी 17 के 7832 में बिना वैध दस्तावेजों के धान का परिवहन किया जा रहा था। जांच दल ने मंडी अधिनियम के तहत जब्ती प्रकरण बनाया। जब्त किए गए धान और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सरिया प्रमोद यादव के सुपुर्द कर दिया गया है। यह अवैध धान भठली, ओडिशा से नौघटा, सरिया ले जाया जा रहा था, जहां इसे खपाने की तैयारी थी। बता दें कि शनिवार को कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय ने जिले की सीमा और ओडिशा बॉर्डर पर स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट कंचनपुर और अमलीपाली का निरीक्षण किया था। उन्होंने जांच दल के अधिकारी-कर्मचारियों से उनके कार्यों का ब्योरा लिया और रजिस्टर भी चेक किए थे। कलेक्टर ने अवैध परिवहन पर रोक लगाने और प्रत्येक संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच करने के सख्त निर्देश दिए थे, जिसके बाद तहसीलदार की टीम ने यह कार्रवाई की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *