ओपन यूनिवर्सिटी में प्रोफेशनल कोर्सों की बढ़ी है डिमांड : हरेंद्र

सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में प्रोफेशनल कोर्सों की डिमांड काफी बढ़ गई है। सरकार की मंशा सुदूर गांव के युवाओं एवं घरेलू कामकाजी महिलाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उक्त बातें बुधवार को झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के जोनल प्रभारी हरेंद्र चौबे ने सेक्टर-3 स्थित सेंटर के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब छात्र-छात्राओं को उच्च व तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब घर बैठे ही वे बोकारो सेंटर से अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं। स्टडी सामग्री से लेकर सब कुछ यहीं से उपलब्ध हो जाएगा। झारखंड सरकार में पंचायत से लेकर नगर निगम तक सेनेटरी इंस्पेक्टर और स्कूलों में योगा टीचर की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए सरकार घर बैठे ही झारखंड ओपन यूनिवर्सिटी के माध्यम से बीकॉम, एमकॉम, बीबीए, एमबीए, बीसीए, बीएससी आईटी के अलावा नर्सिंग एवं योगा में डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध करा रही है। बताया कि यूजी, पीजी, सर्टिफिकेट डिप्लोमा व पीजी डिप्लोमा कोर्स के लिए 10 जून से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो जेएसओयू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 30 जून तक नामांकन जारी रहेगा। मौके पर सेंटर प्रभारी संजीव कुमार आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *