भास्कर न्यूज | ओरमांझी ओरमांझी प्रखंड के ग्राम हेंदेबिली में शनिवार को श्री श्री शिव मंडा पूजा समिति द्वारा पारंपरिक मंडा पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रोफेसर आदित्य साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत रूप से पिता काटकर पूजा का उद्घाटन किया। पूजा स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे वहां उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। प्रो. साहू ने कहा, “ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं। यह न केवल हमारी आस्था और परंपरा को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं।” मंडा पूजा के आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। आयोजन समिति ने सांसद साहू का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।


