भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ मां दंतेश्वरी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम का आगाज पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा अधिकारियों की उपस्थिति रही। जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर विधायक चैतराम अटामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप बस्तर ओलंपिक तथा बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने पूरे बस्तर संभाग की पहचान को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम के माध्यम से यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं, रीति-रिवाज, पारंपरिक खानपान और वेशभूषा को व्यापक मंच मिला है, जिससे नए युवाओं में अपनी जड़ों के प्रति गर्व और उत्साह जागृत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक ने खेलों के माध्यम से गांवों से लेकर शहरों तक प्रतिभाओं की खोज को संभव बनाया है और यह आयोजन बस्तर क्षेत्र की खेल संस्कृति को नई दिशा देगा। शुभारंभ के दौरान बालक बालिकाओं के 100 मीटर दौड़, तीरंदाजी, वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिताएं भी संपन्न हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुजांम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम लोकांश एल्मा, डिप्टी कलेक्टर मूलचंद चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। 40 हजार से अधिक ने पंजीयन कराया गांव-स्तर, पंचायत-स्तर और ब्लॉक-स्तर पर शानदार मुकाबलों के बाद चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। विधायक ने कहा कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तर पर भी बस्तर का गौरव बढ़ाएंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य से प्राप्त प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा।


