भास्कर न्यूज|गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पिंजरा डीपा करौंदा बेड़ा चर्च के पास स्कूटी सवार तीन युवक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान पेड़ से टकरा गए। हादसे में स्कूटी चला रहे कुटमा निवासी 18 वर्षीय शंकर साहू की मौके पर मौत हो गई। उनके दो दोस्त सुरेश उरांव और जीतू महली गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों दोस्त एक ही स्कूटी पर गोबर सिल्ली पालकोट घूमने गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस 108 से तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने शंकर साहू को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक शंकर की बहन ने बताया कि वह चार बहनों का इकलौता छोटा भाई था। शंकर का शव फिलहाल सदर अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।


