ओवरब्रिज के नीचे जमा गंदा पानी बना मुसीबत:वार्ड 20 के लोगों ने किया प्रदर्शन, जलभराव से घरों में कैद होने को मजबूर लोग

चूरू मेडिकल कॉलेज से किसान घाट जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे जमा गंदा पानी स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। इस समस्या के विरोध में रविवार दोपहर वार्ड 20 के निवासियों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली बारिश में भी रास्ते पर बरसाती और गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इस कारण लोगों को कई दिनों तक अपने घरों में कैद रहना पड़ता है। जलभराव की स्थिति से न केवल दैनिक जीवन प्रभावित होता है, बल्कि गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में प्रेम सिंह इंदा, मोतीलाल मील, गोपी तंवर, विक्रम सिंह चारण, पवन बैदी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। स्थानीय निवासियों की मुख्य मांग है कि प्रशासन जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करे, ताकि लोगों को भविष्य में इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *