भरतपुर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने अवैध गांजे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 2 किलो 700 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 102220 रुपए भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया- 11 जनवरी को उद्योग नगर थाना अधिकारी हनुमान सहाय को मुखबिर से सूचना मिली थी की टोंटपुर के सामने कृष्ण वाटिका कॉलोनी में मानवेंद्र नाम के व्यक्ति के पास अवैध गांजा और गांजा बिक्री के लाखों रुपए हैं। इसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर मानवेंद्र को उसके घर से पकड़ लिया। मानवेंद्र के घर की तलाशी ली गई तो उसके घर से 2 किलो 700 ग्राम गांजा और गांजा बिक्री के 1 लाख 2 हजार 220 रुपए बरामद किए। इसके बाद आरोपी मानवेंद्र कुंतल निवासी कृष्ण वाटिका कॉलोनी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में FIR दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आता था, और कहां बेचता था। सीओ पंकज यादव ने बताया की आरोपी मानवेंद्र कुंतल काफी समय से गांजे का अवैध व्यापार कर रहा था। गांजे तस्करी को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है की आरोपी गांजे से बिक्री हुए पैसों को कहां लगाता था।


