भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ टाउन में सतीपुरा बाइपास रोड स्थित जीएम पैलेस के आगे मंगलवार शाम को कार की टक्कर से स्कूटी सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दुर्घटनाकारित कार इतनी ओवरस्पीड थी कि चालक ने कार रॉन्ग साइड में जाकर स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार पैलेस की दीवार के पास थड़े से जा टकराई। जानकारी के अनुसार अजय बंसल निवासी दुर्गा कॉलोनी जंक्शन सतीपुरा बाइपास पर अल्फा सिटी मार्केट की तरफ जा रहा था। तभी रॉन्ग साइड से आई ओवरस्पीड कार ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। स्कूटी और कार के परखच्चे उड़ गए जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार कितनी ओवरस्पीड थी। हादसे के बाद चालक कार को लॉक कर मौके से भाग गया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। कार चालक की तलाश की जा रही है।


