औद्योगिक क्षेत्र में सफाई-सुरक्षा पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

भास्कर संवाददाता| सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. ने गुरुवार को ग्राम धाबीखेड़ी स्थित लायन इंडिया फेब्रिक, सीहोर मंडी औद्योगिक क्षेत्र की फ्लोर मिल और नमकीन फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन इकाइयों, सुरक्षा इंतजामों, प्रबंधन और श्रमिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए जाएं। मशीनों की समय-समय पर मेंटेनेंस हो।उन्होंने उद्योग परिसर में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और मशीनों के सुरक्षित संचालन से जुड़े मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी उद्योग गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का पालन करें। इससे औद्योगिक विकास के साथ रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रबंधन को जरूरी सुधार समय पर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनुराग वर्मा, प्रबंधक मनीष आलावा और उद्योगों के संचालक मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने देखा कि नाली और पुलिया का निर्माण हो चुका है, लेकिन सड़क की हालत खराब है। उन्होंने महाप्रबंधक अनुराग वर्मा को सड़क बनवाने के निर्देश दिए। कहा कि औद्योगिक विकास के लिए आधारभूत संसाधनों का होना जरूरी है। द्रुत आवागमन के लिए सड़कों की स्थिति बेहतर होनी चाहिए। सड़कों की समय-समय पर मरम्मत कराई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *