बड़वानी | शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एसबीएन शासकीय पीजी कॉलेज में वनस्पति विभाग व इको क्लब के माध्यम से कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें प्रथम वक्ता के रूप में डॉ. सपना गोयल ने औषधीय वाटिका के विकास विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा संसार में पाए जाने वाले प्रत्येक पौधे में कोई न कोई औषधीय गुण अवश्य होता है। उन्होंने अडूसा, सतावर, ब्राम्ही, लाजवंती, अश्वगंधा, देवकटासला, अपराजिता सहित अनेक औषधीय पौधों की जानकारी दी। साथ ही घरेलू उपचार के लिए घरों में छोटी औषधीय वाटिका विकसित करने का आह्वान किया। जिसमें अजवाइन, पुदीना, हल्दी, अदरक, एलोवेरा, निरगुंडी एवं पत्थरचट्टा जैसे पौधे शामिल हों। डॉ. पूजा पाचरेकर ने प्राकृतिक सौंदर्य प्रसाधनों की जानकारी दी। डॉ. संध्या परिहार ने हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस से हर्बेरियम निर्माण की विधि समझाई। कार्यशाला का संचालन पायल मकवाने ने किया। इस दौरान डॉ. डॉली परमार, डॉ. भूपेंद्र भार्गव, डॉ. राजमल राव, डॉ. सुखलाल मुवेल, डॉ. दीपक केवट, वीरचंद सागोरे, नीरज सेन व विद्यार्थी मौजूद थे।


