रायपुर के पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र स्थित कंकाली पारा तालाब में शनिवार की युबह ह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे लोगों ने तालाब के किनारे शव को तैरते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे कुछ लोग मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन पास जाकर देखने पर युवक का शव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को जानकारी दी गई। शव की शिनाख्त में जुटे अधिकारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पहचान की कोशिश की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शरीर पर किसी तरह की स्पष्ट चोट के निशान नजर नहीं आए हैं, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। तालाब और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


