जामताड़ा के नारायणपुर में अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त:फर्जी कागजात से 29.100 मीट्रिक टन कोयले का हो रहा था परिवहन, चालक गिरफ्तार

जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के देवलवाड़ी पुलिस पिकेट के पास 5 फरवरी को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में फर्जी कागजात के सहारे ले जाए जा रहे 29.100 मीट्रिक टन कोयले से लदे एक 14 चक्का ट्रक को जब्त किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी की देर रात देवलवाड़ी पुलिस पिकेट पर नियमित वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान धनबाद की ओर से आ रहे एक 14 चक्का ट्रक (पंजीकरण संख्या डब्ल्यू डी 57 सी 8693) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस के संकेत को नजरअंदाज करते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया। चालक की संदिग्ध हरकत देखकर चेकिंग में तैनात पुलिस बल ने तुरंत पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक कलीमुद्दीन अंसारी, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता सहीद अंसारी, निवासी बरमसोली, थाना पालाजोरी को गिरफ्तार किया गया है। अवैध कोयला बनारस से जसीडीह भेजा जा रहा था प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आई है कि ट्रक में लदा अवैध कोयला बनारस से जसीडीह भेजा जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है कि कोयले का स्रोत क्या था, फर्जी कागजात किसके द्वारा तैयार किए गए और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के दौरान ट्रक में लदे कोयले के कागजात की गहनता से पड़ताल की गई। पुलिस को पता चला कि ट्रक में कुल 29.100 मीट्रिक टन कोयला लदा था, लेकिन उसके साथ प्रस्तुत किए गए दस्तावेज फर्जी थे। छानबीन में यह स्पष्ट हुआ कि कोयले का परिवहन अवैध रूप से और जाली कागजात के सहारे किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन द्वारा तत्काल खनन पदाधिकारी को इसकी सूचना दी गई। खनन विभाग के स्तर से जांच के बाद अवैध कोयला परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *