कंटेनर में सीक्रेट रूम बनाकर छिपा रखा था गांजा:प्लास्टिक के कट्टों में भरा 20 लाख का गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

कंटेनर में सीक्रेट रूम बनाकर गांजा की तस्करी करते एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। तस्कर ने कंटेनर में केबिन के पीछे 2 फुट का सीक्रेट रूम बनाया हुआ था। जिसमें 2 क्विंटल गांजा छिपा रखा था। चिड़ावा पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स जयपुर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। झुंझुनूं एसपी शरद चौधरी ने बताया कि टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने कंटेनर का पीछा किया। ऐसे में रविवार शाम को पुलिस से बचने के लिए तस्कर ने चिड़ावा शहर और आस-पास के गांवों में तेज गति में कंटेनर को भगाया। जिससे एक ऑटो और एक बाइक सवार घायल हो गए। आरोपी को पकड़ने के लिए चिड़ावा के सीईओ विकास धींधवाल ने कंटेनर के पिछले टायर पर गोली चलाई। कंटेनर की रफ्तार धीमी होते ही पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर कंटेनर को रुकवा लिया। कंटेनर में बना रखा था सीक्रेट रूम
तलाशी लेने पर कंटेनर की बॉडी में केबिन के पीछे 2 फुट चौड़ा एक सीक्रेट रूम मिला। जिसमें 6 प्लास्टिक के कट्टों में गांजा भरा हुआ मिला। वजन कराने पर 204 किलो 85 ग्राम गांजा पाया गया। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। जब्त किए गए गांजे की कीमत 20 लाख रूपए बताई जा रही है। एसपी ने बताया कि मामले में सुभाषचंद्र पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी नोरंगाबास जाटान, झोझूकंला, चरखी दादरी, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि सुभाषचंद्र के खिलाफ पहले से ही 12 मामले दर्ज हैं। वो कई बार मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है। 2017 से आरोपी को मादक पदार्थ की तस्करी मामले में 10 साल की सजा हुई थी। जिस पर वो जमानत पर बाहर था और फरारी काट रहा था। पुलिस ने इस मामले में चार टीमें गठित की थी। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए टीम को 25,000 रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *