रांची ओटीसी ग्राउंड के पास आईटीसी कंपनी के अकाउंटेंट से 13 लाख लूटने व होटल मैनेजर को गोली मारने के मामले में शामिल तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। कंपनी में काम करने वाला कर्मी ही लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला। पूर्व कर्मी को इस बात की पहले से ही जानकारी थी कि सुमित पैसा लेकर जमा करने के लिए बैंक जाता है। यही वजह है कि वह अपने साथियों को लेकर ओटीसी मैदान के पास पहुंचा और हथियार के बल पर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। पूर्व कर्मी को अनियमितता बरतने के आरोप में पकड़े जाने के बाद कुछ वर्ष पहले ही निकाल दिया गया था। थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी, उस मामले की पुलिस जांच कर ही रही है। इसी दौरान पूर्व कर्मी पड़ोसी राज्य में अपराध करते पकड़ा गया था, जिसके बाद जेल चला गया। जेल से छूटने के कुछ दिनों बाद ही पंडरा पहुंचा और दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। गिरफ्तार सभी आरोपी पंडरा व रातू के ही रहने वाले हैं। पुलिस लगातार सभी से पूछताछ कर रही है आैर गोली मारने वाले शूटर के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल शूटर पुलिस गिरफ्तर से बाहर है। यही वजह है कि आिधकारिक रूप से कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। हालांिक शूटर की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही थी। हथियार के लिए रामगढ़ के लुटेरे से साधा संपर्क, जेल में ही बना था लूट का पूरा प्लान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि रामगढ़ के लुटेरा गिरोह से संपर्क कर मदद मांगी थी। रामगढ़ के गिरोह ने ही घटना को अंजाम देने के लिए हथियार उपलब्ध कराया था। इसके अलावा आरोपियों ने यह भी बताया है कि लूट की पूरी प्लानिंग जेल में ही तैयार की गई थी। इसके लिए सभी ने रेकी भी की थी। लूट की घटना का अंजाम देने के बाद भागने का रास्ता भी पहले से ही तय था। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। क्या था मामला… ओटीसी ग्राउंड के पास आईसीआईसीआई बैंक में पैसा जमा करने पहुंचे आईटीसी कंपनी के अकाउंटेंट सुमित से हथियार के बल पर बाइक सवार अपराधियों ने 13 लाख रुपए लूट लिए थे। पैसों से भरा बैग लेकर भाग रहे लुटेरे को जब पास में खड़े लोटस होटल के मैनेजर सुमित कुमार ने पकड़ना चाहा तो अपराधी ने उनके पेट व हाथ में गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी पंडरा की ओर भाग गए थे।


