भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड कंपनी जनजीवन से खिलवाड़ कर रही है। कंपनी की चिमनियों से निकलने वाला प्रदूषित धुआं आसपास के वातावरण में जहर घोल रहा है। बढ़ते प्रदूषण के चलते जनजीवन प्रभावित है और जिंदगी खतरे में है। प्रदूषण के कारण अमलगम स्टील एंड पावर कंपनी से सटे गांव के लोगों का बुरा हाल है। कंपनी की चिमनियों से निकलने वाला धुआं न सिर्फ वातावरण प्रदूषित कर रहा है, बल्कि खेत-खलिहान, लोगों के घर व पीने के पानी पर भी प्रदूषण की मार है। कंपनी से सटे गांव सर्वाधिक प्रभावित हैं। यहां के लोग बताते हैं कि कंपनी के प्रदूषण के चलते खेत-खलिहान, सब्जी की बागवानी कई दिनों से प्रभावित हो रही है। प्रदूषण के चलते ग्रामीण बीमार भी हो रहे हैं। इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन प्रदूषण को कम करने के उपाय न कर सीएसआर के नाम पर स्कूल संचालन व स्वास्थ्य केंद्र संचालन कर बचते आयी है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रहे पर्यावरण और वायु प्रदूषण के चलते गांव के लोग जल्द बीमार पड़ते हैं। खेतों में उपजने वाली फसल और सब्जियां प्रदूषण के चलते खराब हो रही हैं। कंपनी में प्रोडक्शन के चलते प्रदूषण की मार इतनी है कि आसपास के गांव में जनजीवन तो प्रभावित है ही साथ में पर्यावरण के साथ पशु-पक्षी भी प्रदूषण की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले जंगल व खेत-खलियान में पक्षियों की चहचहाहट सुनाई पड़ती थी, जो अब बंद हो गई है। अमलगम कंपनी प्रदूषण मामले को लेकर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी राम प्रवेश कुमार से जब बात की गई तो, उन्होंने बताया कि कंपनी में प्रदूषण स्तर कम करने के लिए फिल्टर और ईएसपी मशीन लगी है। अगर कंपनी प्रबंधन इन्हें सही तरीके से प्रयोग में नहीं ला रहा है तो इस पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


