भास्कर न्यूज | अमृतसर विजय नगर के मुर्गी खाने वाली गली में घर से काम पर जा रहे बाप-बेटे से बाइक सवार 2 नाकाबपोश गन प्वाइंट पर 5 हजार रुपए छीनकर ले गए। घटना शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे की है, जब घनी धुंध थी। बाप-बेटे को बाइक के नंबर का भी पता नहीं चला। हालांकि मामले में पीड़ित ने विजय नगर पुलिस चौकी में शिकायत दी है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। मनोहर शर्मा ने बताया कि साइकिल पर सवार होकर अपने घर शंभू कॉलोनी से न्यूज पेपर सेंटर कैरों मार्केट की तरफ आ रहे थे। साथ में उनका बेटा स्कूटी पर चल रहा था। इतने में बाइक सवार 2 नाकाबपोश आए और दोनों को पकड़ लिया और कहा जो भी है निकाल दो। जब शोर मचाया तो एक युवक ने पिस्तौल निकालकर माथे पर लगा दी और तकरीबन 5 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। जानकारी देते मनोहर शर्मा। सिविल लाइन इलाके में 2 दिन पहले रात को ड्यूटी से लौट रहे वेटर से लुटेरों ने मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और पासवर्ड लेकर 4 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। धरमिंदर सिंह उर्फ दीप निवासी किरायेदार मकान, सरस्वती मंदिर के पास, गुरु नानक एवेन्यू ने बताया कि 10 दिसंबर को रात सवा 2 बजे ड्यूटी के बाद पैदल कमरे की ओर जा रहा था। जब वह लॉरेंस चौक क्रॉस कर कंपनी बाग के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार 2 युवक पीछे से आए और उसे रोक लिया। दोनों युवकों ने पहले मोबाइल छीन लिया फिर मारपीट कर ऑनलाइन पेमेंट करने वाले ऐप का पासवर्ड हासिल कर लिया और फरार हो गए। बाद में पता चला कि खाते से 4 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि एक आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ पप्पी निवासी कृष्णा कॉलोनी लुधियाना को पहचान लिया है।


