भास्कर न्यूज | संगरूर शिक्षा विभाग में मर्ज करने की मांग को लेकर कंप्यूटर अध्यापक भूख हड़ताल संघर्ष कमेटी के नेता जोनी सिंगला का मरणव्रत रविवार को 8वें दिन में शामिल हो गया। कमेटी का दावा है कि जोनी सिंगला का शूगर लेवल कम होकर 60 तक आ गया है। वहीं कमेटी की ओर से शुरू की गई क्रमवार भूख हड़ताल भी जारी रही। रविवार को अध्यापकों ने विभिन्न संगठनों के सहयोग से रोष मार्च कर लाल बत्ती चौक में जाम लगाया, जिसके बाद बरनाला कैंचियां में भी यातायात ठप कर सरकार की अर्थी फूंकी। रविवार को भाजपा के राज्य उप प्रधान अरविंद खन्ना ने कंप्यूटर अध्यापकों के धरने में शिरकत कर जोनी सिंगला का हाल जाना। उन्होंने कहा कि अध्यापक लंबे समय से धरना दे रहे हैं लेकिन पंजाब सरकार उनकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। कंप्यूटर अध्यापक नेता ऊधम सिंह डोगरा, रणजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, रघवीर सिंह, नायब सिंह, जसविंदर सिंह, बवलीन कौर, हरप्रीत साहनेवाल ने कहा कि कंप्यूटर अध्यापक करीब चार माह से भूख हड़ताल कर रहे हैं जबकि एक साथी 8 दिन से मरणव्रत पर है। सरकार का कोई भी नुमाइंदा उनसे बात करने को तैयार नहीं है।


