भास्कर न्यूज |अमृतसर तेज आंधी के पावरकॉम के 220 केवी के टावर टूट गए, कई ट्रांसफार्म और पोल टूटेने से बार्डर जोन में 5 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं आंधी के कारण पेड जड़ से उखड़ गए। कुल मिलाकर आंधी ने पावरकॉम के 500 पोल और 300 ट्रांसफार्मर जमीन पर गिराए। जिसके कारण 12 घंटे से ज्यादा समय बिजली बंद रही। वीरवार रात को अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बरसात शुरू हो गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली पर सारी रात बिजली बंद रही। आंधी ने सबसे ज्यादा नुकसान अटारी, खासा, चौगावा, तरनतारन के गांव गोलहवड, अकालगढ़, झब्बाल, सराय अमानत खान, मानोचाल, पंडोरी लुभाना, खंडवाला के पॉलीटेक्निक रोड, वेरका से मुद्दल रोड, मेडिकल एनक्लेव, फैजपुरा, निरंकारी कॉलोनी, फैयरलैड, इंडस्ट्रीज इस्टेट, गोपाल नगर में हुआ। मुरादपुर गांव से 220 केवी फतेहगढ़ चूडिय़ां से चलने वाली 220 केवी सिविल लाइन के दो बड़े टावर आंधी के कारण टूट गए। इससे 12 घंटे से ज्यादा बिजली बंद हो गई। बार्डर जोन के चीफ इंजीनियर देसराज बांगड़ ने बताया कि आंधी के कारण बिजली के कई ट्रांसफार्मर और पोल टूट कर गिर गए। जिसके कारण शहरी और गांव के इलाकों में बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई। परंतु पावरकॉम कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद 12 घंटे में शहरी इलाके की बिजली सप्लाई बहाल कर दी। फतेहगढ़ चूडिय़ां के गांव मुरादपुर में 220 के दो टावर आंधी के कारण टूट गए। जिससे मुरादपुर गांव की बिजली बंद रही। इसी तरह वेरका से मुद्दल रोड में सफेदे का एक वृक्ष जड़ से उखड़ा और बिजली की लाइन पर गिर पड़ा। इससे बिजली की लाइन टूटने से बिजली बंद हो गई। तरनतारन के डिप्टी चीफ इंजीनियर मोहतम सिंह ने बताया कि आंधी से गोहलबड़, मानोचाल, झब्बाल, सराय अमानत खान में हुआ है। आंधी के कारण करीब 150 पोल और 100 से ज्यादा ट्रांसफार्म टूट गए। इसी तरह वेस्ट डिवीजन के एक्सईएन हरजीत सिंह ने बताया कि आंधी के कारण अटारी, खासा, चौगांवा और लोपोके में 50 पोल और 15 ट्रांसफार्म टूट गए। इससे करीब 50 लाख का नुकसान हो गया। इस आंधी ने पावरकॉम का करीब 5 करोड़ रुपए का नुकसान कर दिया।


