उमरिया जिला मुख्यालय स्थित डंपिंग यार्ड में मवेशियों की जान खतरे में है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व कार्यालय और सीएमएचओ ऑफिस मार्ग के पास बने इस यार्ड में फेंसिंग और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। यहां कचरे का बड़ा अंबार लगा रहता है, जहां दिनभर मवेशियों का जमावड़ा देखा जा सकता है। ये मवेशी कचरे में पन्नियां खाते और गंदगी में घूमते हुए पाए जाते हैं। उमरिया जिले में डंपिंग यार्ड की यह स्थिति केवल मवेशियों के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। देखिए 2 तस्वीर… पशु चिकित्सक बोले- पन्नी खाने से पेट में हो सकती है चोकिंग पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक के.के. पांडेय ने बताया कि मवेशियों की ओर से पन्नी खाने से उनके पेट में चोकिंग हो सकती है, जिससे पेट फूलने लगता है और कई बार उनकी मौत भी हो जाती है। इसके अतिरिक्त, गंदगी में लगातार रहने से मवेशियों के पैरों में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी किशन सिंह ठाकुर ने बताया कि डंपिंग यार्ड में फेंसिंग लगाने के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा ताकि मवेशियों को यार्ड के अंदर जाने से रोका जा सके।


