फ्लाईओवर निर्माण कार्य के लिए कचहरी चौक के पास रोड ब्लॉक किए जाने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने आज से रूट में बदलाव किया है। कचहरी चौक से नागाबाबा खटाल की ओर आने-जाने वाले रास्ते को 15 दिनों के लिए वन-वे किया गया है। नागाबाबा खटाल से कचहरी की ओर आने वाले वाहन सवार कोर्ट व रजिस्ट्री ऑफिस के सामने वाले रास्ते से होते हुए अपने गंतब्य तक परिचालन कर सकेंगे। वहीं कहचरी से नागाबाबा खटाल की ओर जाने वाले वाहन सवार को रेडियम रोड से कांके रोड के रास्ते गंतब्य तक परिचालन करेंगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। मालूम हो कि कचहरी चौक के पास नागाबाबा खटाल की ओर जाने वाले रास्ते में फ्लाईओवर निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। कार्य में किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसे ध्यान में रखते हुए रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है। ऐसे में वाहन सवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। फ्लाईओवर निर्माण कार्य के लिए रोड बंद किए जाने की पूर्व से कोई सूचना दिए बगैर ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को अचानक कचहरी चौक के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों का परिचालन रोक दिया। इससे वाहन सवार परेशान हो गए। कचहरी से रजिस्ट्री ऑफिस के रास्ते रातू रोड की ओर जाने वाले मार्ग में अचानक वाहनों का लोड बढ़ गया। देखते ही देखते सड़कें पूरी तरह से जाम हो गईं। 2 घंटे तक वाहन सवार जाम से परेशान रहे। ट्रैफिक जवानों के काफी मशक्कत करने के बाद वाहन सवार को थोड़ी राहत मिली जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।


