कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक मिठाई की दुकान में कचौरी से स्टील की ब्लेड निकलने का मामला सामने आया है। कचौरी खा रहे युवक का होंठ भी ब्लेड से कट गया। आरोप है कि शिकायत करने पर दुकान संचालक ने युवक को धमकाया। घटना कोटपूतली के जोधपुर मिष्ठान भंडार की गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। आधी कचौरी खाने के बाद निकला ब्लेड युवक हीरालाल गुर्जर ने बताया-मैं दोस्त के साथ जोधपुर मिष्ठान भंडार पर गया था। हमने 4 कचौरियां लगवाई थी। आधी कचौरी खाई थी कि उसमें से ब्लेड निकली। ब्लेड से मेरा होंठ हल्का सा कट गया। हमने ब्लेड को दुकान के संचालक को दिखाया, साथ ही वीडियो भी बनाई। हमने दुकानदार से कहा कि ये ब्लेड कैसे आई तो उसने कहा कि गलती हो जाती है। हमने पुलिस को शिकायत करने की बात कहीं तो दुकानदार ने धमकाया। दुकानदार ने कहा कि जो कहना है वो कर लो। सीसीटीवी देखने के बाद पूरी घटना का पता चल पाएगा-दुकानदार जोधपुर मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर बजरंग सिंह ने मामले में कहा- आज वह दुकान पर नहीं थे। जैसे ही कचौरी में ब्लेड मिलने का वीडियो उन्होंने देखा तो वे दुकान पर पहुंचे। कचौरी बनाने का काम वर्षों से साफ सफाई और मशीनों से किया जाता है। दुकान और गोदाम का सीसीटीवी देखने के बाद ही पूरी घटना का पता लग पाएगा।


