सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन पीजी कॉलेज आडिटोरियम में गुरुवार को किया गया। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल जुड़कर सांसद खेल महोत्सव में शामिल युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि इस खेल महोत्सव के माध्यम से हजारों खिलाड़ी मिल गए। खेल भावना से सक्षम और अनुशासित युवा ही राष्ट्र का निर्माण करते हैं। दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव से समाज की सोच बदल रही है, इससे लोग प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक अर्थों में खेल जीवन के आधार प्रणाली है। जीत का आनंद लेना और हार से सीखना, हम खेल के मैदान में सीखते हैं। उन्होंने अभिभावकों को खेल के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। पढ़ाई के साथ- साथ खेलों का समन्वय बहुत जरूरी है, बच्चे खेलेंगे फिट बनेंगे और हीट बनेंगे। पूरे देश में एक साथ हुआ आयोजन
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे भारत में आयोजित किया गया, जिसका समापन आज हो रहा है। हम युवा शक्ति को खेलों की ओर प्रेरित कर रहे हैं और योग्यता को महत्व मिल रहा है। सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेल के महत्व को समझा और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक एवं परंपरागत खेलों को संरक्षित करने के उद्देश्य से खेल महोत्सव की शुरुआत की। सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेलों का आयोजन हमारे सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में तीनों जिलों में हुआ, जिसमें पहला ब्लॉक स्तर फिर विधानसभा स्तर फिर लोकसभा स्तर में आज का आयोजन हो रहा है। इन प्रतियोगिता के द्वारा युवाओं की प्रतिभा को सामने लाया जा रहा है, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के प्रतिभा को निखारने के लिए युवाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम को महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत ने संबोधित करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। सांसद खेल महोत्सव में रस्सा कसी, पिट्ठुल, व्हालीबाल, कबड्डी, रस्सी कूद, गोला फेंक 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, गेड़ी दौड़ जैसे परंपरागत खेल बालक एवं बालिका वर्ग में हुए एवं विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। ये रहे उपस्थित
समापन समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, निगम सभापति हरिमन्दर सिंह टिन्नी, पार्षद आलोक दुबे, विकास सिंह, कर्ताराम गुप्ता सहित अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह व अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


