कटनी के करौंदी कला में भालू का हमला:तीन ग्रामीण गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

कटनी के बरही वन परिक्षेत्र के ग्राम करौंदी कला में मंगलवार सुबह एक जंगली भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग की टीम ने घायलों को बरही अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, करौंदी कला निवासी सरमन यादव, भोली यादव और सुरेश पटेल प्रतिदिन की तरह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो भालू जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही बरही वन परिक्षेत्र की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत बरही अस्पताल ले जाया गया। बरही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। रेंजर शुक्ला ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को कटनी जिला अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के बाद करौंदी कला और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीण खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *