गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के धनपुर स्थित श्री साईं राइस मिल में एक भालू को 22 घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। शहद के लालच में भालू 30 फुट ऊंचे टिन शेड पर चढ़ गया था, जहां से उसे वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक नीचे उतारा। यह घटना 20 दिसंबर की देर रात हुई, जब एक भालू मधुमक्खियों के छत्तों से शहद चखने के लिए मिल के 30 फुट ऊंचे टिन शेड पर चढ़ गया। अगली सुबह, मिल कर्मचारियों ने उसे देखा तो परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की कोशिश से भालू सुरक्षित नीचे उतरा सूचना मिलते ही मरवाही वन मंडल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वन विभाग ने भालू को बिना चोट पहुंचाए लकड़ी की सीढ़ी लगाई और आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर शांत वातावरण सुनिश्चित किया। कुछ घंटों के प्रयास के बाद, भालू सीढ़ी के बजाय उसी लोहे के एंगल के सहारे धीरे-धीरे नीचे उतरा, जिससे वह ऊपर चढ़ा था। मरवाही में भालू का रेस्क्यू ऑपरेशन सफल भालू सुरक्षित रूप से नीचे उतरकर जंगल की ओर भाग गया। डीएफओ मरवाही, ग्रीष्मी चांद ने इस सफल रेस्क्यू की पुष्टि करते हुए बताया कि भालू पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने मरवाही वन क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। वन विभाग ने लोगों से यह भी अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर शोर न मचाएं और तुरंत विभाग को सूचित करें। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


