कटनी के धरवारा-बाकल में 248 क्विंटल धान जब्त:संयुक्त जांच दल ने 4 स्थानों पर स्टॉक का किया भौतिक सत्यापन

कटनी जिला प्रशासन की सख्ती के बाद समर्थन मूल्य पर अवैध रूप से धान की बिक्री कर अनुचित लाभ उठाने की मंशा रखने वाले लोगों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर धान के अवैध भंडारण में लिप्त दलालों और व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार शाम राजस्व अनुभाग बहोरीबंद के ग्राम धरवारा और बाकल में कलेक्टर द्वारा गठित संयुक्त जांच दल ने चार स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 4 हजार 987 बोरियों में रखे कुल 1 हजार 981 क्विंटल धान के भंडार का भौतिक सत्यापन किया गया। संयुक्त जांच दल ने बाकल मेन रोड स्थित आदर्श जैन के यहां से 620 बोरियों में भरा 248 क्विंटल धान जब्त किया। आदर्श जैन द्वारा कोई भी वैध अभिलेख या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दल ने ग्राम धरवारा के संतोष कुमार लाल बिहारी यादव के यहां 1633 बोरियों में भरी 653 क्विंटल धान और ग्राम बाकल में प्रमोद कुमार रूपचंद जैन के यहां 662 बोरियों में रखी 271.42 क्विंटल धान का भी भौतिक सत्यापन किया। इसके अतिरिक्त, बाकल में ही उपज स्वामी यशवंत राय के यहां 2072 बोरियों में रखी 808 क्विंटल धान के स्टॉक का भी सत्यापन किया गया। जांच दल ने सभी गोदाम संचालकों को कलेक्टर द्वारा जारी धान निकासी पर रोक संबंधी आदेश से अवगत कराया। कलेक्टर तिवारी ने समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की अवधि के दौरान 20 जनवरी तक धान निकासी प्रतिबंधित की है। संयुक्त जांच दल में एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया, नायब तहसीलदार बहोरीबंद आकाशदीप नामदेव, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला, मंडी उपनिरीक्षक सीताराम मार्को, अभय दुबे और पटवारी प्रदीप लोधी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *