कृषि विभाग ने बरही नगर में किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विस्तार अधिकारियों की एक टीम ने ‘फैदावाद बीज भंडार’ पर औचक निरीक्षण के दौरान बिना लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रहे खाद-बीज कारोबार का खुलासा किया। बरही नगर में सुखीचंद गुप्ता द्वारा ‘फैदावाद बीज भंडार’ नामक दुकान का संचालन किया जा रहा था। कृषि विस्तार निरीक्षक राहुल जाटव के नेतृत्व में टीम ने जब दुकान का निरीक्षण किया, तो वहां खाद, बीज और कीटनाशकों का बड़ा स्टॉक मिला। अधिकारियों ने संचालक से दुकान संचालन के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना लाइसेंस के बीज और रसायनों की बिक्री नियमों का गंभीर उल्लंघन है, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। निरीक्षण दल ने मौके पर ही दुकान में मौजूद बीज, कीटनाशक और खाद के स्टॉक की गिनती की और संबंधित दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त कर लिया। दुकानदार के पास नहीं वैध लाइसेंस कृषि विस्तार निरीक्षक राहुल जाटव ने बताया कि वे नगर के सभी बीज भंडारों का नियमित निरीक्षण कर रहे थे, और इसी दौरान ‘फैदावाद बीज भंडार’ में अनियमितता पाई गई। दुकान बिना किसी वैध लाइसेंस के किसानों को कृषि सामग्री बेच रही थी। विभाग ने नियमानुसार पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कई दुकानदार दुकान बंद करके भागे कृषि विभाग की इस छापेमार कार्रवाई की खबर बरही नगर के बाजार में फैलते ही अन्य बीज भंडार संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए।प्रशासन की इस सख्ती से उन दुकानदारों में खलबली है जो नियमों का उल्लंघन कर या अमानक सामग्री बेचकर कारोबार कर रहे थे।


