कटनी जिले के बरही नगर में रामलीला मंच पर फिल्मी गानों पर फूहड़ नृत्य का मामला सामने आया है। दशहरे के बाद एक कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। बरही नगर परिषद विजय नाथ धाम मंदिर के पास हर साल दशहरे तक रामलीला कराता है। रामलीला के बाद मंच पर नृत्य कार्यक्रम हुआ। आरोप है कि यह कार्यक्रम धीरे-धीरे फूहड़ता में बदल गया, जिससे धार्मिक मंच की मर्यादा भंग हुई। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को आस्था का अपमान बताया है। संजय बिलोहा, रोहिणी सिंह और अरविंद दुबे जैसे स्थानीय निवासियों ने कहा कि रामलीला का मंच उनकी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इस पर इस तरह का प्रदर्शन अस्वीकार्य है। वीडियो सामने आने के बाद बरही नगर में व्यापक आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की गहन जांच करने की मांग की है। उन्होंने दोषी आयोजकों और कार्यक्रम के लिए अनुमति देने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


