कटनी- भाजपा नेता के ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा:खदान और होटलों पर दबिश, तड़के चार बजे घर में घुसी टीम

कटनी में भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा तथा उनके भाई शंकरलाल विश्वकर्मा के विभिन्न ठिकानों पर बुधवार तड़के आयकर विभाग ने छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी की शिकायतों के आधार पर की जा रही है। सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में जबलपुर और भोपाल से आए आयकर विभाग के 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। सुरक्षा बलों के साथ टीम ने अशोक विश्वकर्मा के निवास पर दबिश दी। कार्रवाई की गोपनीयता इतनी अधिक थी कि स्थानीय पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए अंतिम समय पर सूचित किया गया। बीएमसी विश्वकर्मा माइनिंग ग्रुप से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। व्यापारिक और निजी ठिकानों पर सर्चिंग आयकर विभाग की टीमों ने विश्वकर्मा परिवार के कई व्यापारिक और निजी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें जालपा देवी वार्ड, गौतम मोहल्ला स्थित तीन मकान और मुख्य कार्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, टिकरिया स्थित बॉक्साइट खदानें, माइनिंग से जुड़े अन्य ठिकाने, बरगवां स्थित होटल परिसर और शहर में स्थित पानी की फैक्ट्री में भी दबिश दी गई। अधिकारियों ने इन सभी स्थानों पर किसी के भी अंदर या बाहर आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आय से अधिक संपत्ति का मामला जांच का मुख्य फोकस ‘आय से अधिक संपत्ति’ और माइनिंग कारोबार में हुए टर्नओवर पर है। टीमें बैंक खातों, लॉकर, जमीन के दस्तावेजों और पिछले कुछ वर्षों के आयकर रिटर्न का बारीकी से मिलान कर रही हैं। बताया जा रहा है कि भारी मात्रा में डिजिटल डेटा और फाइलें भी जब्त की गई हैं। फिलहाल, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। जब्त किए गए दस्तावेजों की संख्या और ठिकानों के विस्तार को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि जांच देर रात या कल तक भी जारी रह सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *