कटनी में अवैध शराब की बिक्री के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जिले भर की ग्रामीण महिलाओं ने अपना गुस्सा जाहिर किया। समाजवादी पार्टी के अगुआई में चारों विधानसभा क्षेत्रों की महिलाएं बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं और मुख्य दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि जिले के ज्यादातर गांवों में अवैध शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। दबंगों की शह पर चल रहे इस अवैध कारोबार की वजह से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक हालत बिगड़ रही है और सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग पर मिलीभगत के आरोप महिलाओं ने प्रशासन को बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका सीधा आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत के कारण ही शराब माफिया बेखौफ होकर अपना धंधा चला रहे हैं। हाथों में डंडे लेकर दी कड़ी चेतावनी प्रदर्शन के दौरान महिलाएं अपने हाथों में डंडे और तख्तियां लेकर पहुंची थीं। महिलाओं ने साफ संदेश दिया कि अगर प्रशासन ने जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए, तो वे खुद डंडे उठाकर इस अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए मजबूर होंगी। डिप्टी कलेक्टर के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना काफी देर तक चले हंगामे के बाद डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्र महिलाओं के बीच पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनीं और आश्वासन दिया कि जल्द ही जांच कराकर पुलिस और आबकारी विभाग के माध्यम से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के भरोसे के बाद महिलाओं ने अपना धरना खत्म किया।


