कटनी में आयकर विभाग ने अवैध माइनिंग और आयकर चोरी के मामलों में कार्रवाई की है। शनिवार को विभाग ने माइनिंग कारोबारी जगदीश पटेल और उनके भतीजे संतोष पटेल के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। घर, कार्यालय और होटल सहित विभिन्न परिसरों की हो रही जांच इस कार्रवाई के तहत उनके घर, कार्यालय और होटल सहित विभिन्न परिसरों की गहन जांच की जा रही है। भोपाल और जबलपुर से आई आयकर विभाग की टीमें इस छापेमारी में शामिल हैं। कुछ दिनों पहले, आयकर विभाग ने भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा तथा उनके तीन भाइयों के ठिकानों पर भी छापा मारा था। उस जांच के दौरान अवैध माइनिंग कारोबारी जगदीश पटेल और संतोष पटेल से इनके तार जुड़े होने का खुलासा हुआ था, जिसके बाद यह नई कार्रवाई शुरू की गई है। चार दिनों से कटनी में मौजूद है आयकर विभाग की टीम आयकर विभाग की टीम पिछले चार दिनों से कटनी में मौजूद है। इस दौरान आयकर चोरी, अवैध लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। सुधार न्यास कॉलोनी स्थित जगदीश पटेल और उनके भतीजे के ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है। इस छापेमारी से जिले के राजनीतिक और कारोबारी क्षेत्रों में चर्चा है। जांच पूरी होने के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


