कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में एक जर्जर बिजली का खंभा गिरने से 44 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर को हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को खंभे की खराब स्थिति के बारे में कई बार सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मृतक की पहचान कौड़िया गांव निवासी मुकेश शुक्ला (44) पुत्र जमुना शुक्ला के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर को मुकेश अपने घर के पास मौजूद थे, तभी उनके घर के समीप स्थित जर्जर बिजली का खंभा अचानक उन पर गिर गया। खंभे के वजन और बिजली के तारों की चपेट में आने से मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल पिकअप वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। लोग बोले- बिजली पोल कई दिनों से क्षतिग्रस्त था गांव वालों ने बताया कि यह खंभा काफी समय से क्षतिग्रस्त और झुका हुआ था, जिससे उसके गिरने का खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी लिखित और मौखिक सूचना कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी थी। बिजली कंपनी की लापरवाही से हुआ हादसा ग्रामीणों के अनुसार, बिजली विभाग ने खंभे को बदलने या उसकी मरम्मत करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ और मुकेश शुक्ला की जान चली गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इधर, बिरला व्हाइट सीमेंट प्लांट में हादसा, मजदूर घायल इधर, बड़वारा थाना क्षेत्र में स्थित बिरला व्हाइट सीमेंट प्लांट में सोमवार दोपहर एक मजदूर मशीन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बिजोरी निवासी करण पुरी (पिता रमन पुरी) सोमवार को झरेला स्थित प्लांट में ड्यूटी पर थे। दोपहर में वे मशीन की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर गए।


