जहरीले खाने से मौत मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित:खजुराहो के गौतम रिसोर्ट में 5 की हुई थी मौत, कमिश्नर ने किया सस्पेंड

सागर कमिश्नर अनिल सुचारी ने कलेक्टर पार्थ जैसवाल के प्रस्ताव पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौबे को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खजुराहो के गौतम होटल एंड रिसोर्ट में जहरीला खाना खाने से पांच लोगों की मौत और कई अन्य के बीमार होने के मामले में की गई है। कमिश्नर ने छतरपुर कलेक्टर से प्राप्त प्रस्ताव की समीक्षा के बाद वेद प्रकाश चौबे को प्रथम दृष्ट्या दोषी पाया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध किया गया है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने 16 दिसंबर को भेजे गए अपने प्रस्ताव में बताया था कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, छतरपुर के माध्यम से वेद प्रकाश चौबे को छतरपुर और राजनगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अधिकृत किया गया था। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि 8 और 9 दिसंबर को खजुराहो में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट बैठक आयोजित हुई थी। इसी दौरान खजुराहो स्थित गौतम होटल में भोजन करने से चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद, पिछले डेढ़ माह में श्री चौबे द्वारा खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपलों की संख्या शून्य पाई गई, जबकि इस अवधि में खजुराहो में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम, शादी समारोह और बैठकें आयोजित हुई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *