कटनी में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस चौकी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 60 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बिलहरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय ने रविवार को बताया कि उन्हें विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, ग्राम कराहिया कला तालाब के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ खड़ा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम जब तालाब के पास पहुंची, तो वहां चार प्लास्टिक के डिब्बों के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा मिला। पुलिस वाहन देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनिकेत लुनिया (27 साल) के रूप में हुई। आरोपी के पास से 60 लीटर कच्ची शराब बरामद वह बलदेव लुनिया का पुत्र और ग्राम भिटौनी (चौकी झिंझरी, थाना माधव नगर) का निवासी है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद चार डिब्बों में कुल 60 लीटर कच्ची शराब मिली। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस शराब को बेचने के इरादे से वहां खड़ा था। पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


