लावारिस मिठाई खाने से PHE गार्ड की मौत, दो गंभीर:अनजान व्यक्ति होटल में छोड़ गया था, छिंदवाड़ा पुलिस तलाश में जुटी

छिंदवाड़ा जिले में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। पीएचई विभाग के पास स्थित एक होटल में लावारिस हालत में पड़ी मिठाई खाने से पीएचई विभाग में पदस्थ एक गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मिठाई खाने वाले दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जुन्नारदेव थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पीएचई विभाग के पास स्थित एक होटल में किसी ने मिठाई से भरी एक थैली छोड़ दी। काफी देर तक जब कोई थैली लेने नहीं आया और न ही किसी ने उस पर दावा किया तो होटल में मौजूद लोगों ने उस थैली से मिठाई निकालकर खा ली। खाते ही बिगड़ी तबीयत, गार्ड की मौत
बताया जा रहा है कि तीन से चार लोगों ने वह मिठाई खाई थी। उसे खाने के कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शनिवार को हालत गंभीर होने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार दोपहर करीब 12 बजे पीएचई विभाग में पदस्थ गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो पीड़ितों का इलाज अभी चल रहा है। बीमार परिवार के मुखिया मुकेश कचोरिया ने बताया कि मिठाई होटल तक कैसे पहुंची और पूरा घटनाक्रम किस तरह हुआ, इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। जहरीली मिठाई कहां से आई? जांच में जुटी पुलिस
प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मिठाई किसने छोड़ी और उसमें किसी प्रकार का जहरीला पदार्थ मिला हुआ था या नहीं। जुन्नारदेव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मामले की जांच कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष और बीएमओ पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फूड सैंपल की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *