कटनी का मिशन चौक फ्लाईओवर उद्घाटन के सिर्फ तीन साल बाद ही जर्जर होने लगा है। जगह-जगह सड़क उखड़ गई है और इसमें दरारें दिख रहीं हैं। साथ ही सड़क में गड्ढे हो गए हैं और लोहे की सरिए बाहर दिखने लगे हैं। वाहनों के लगातार दबाव से गिट्टी-सीमेंट टूटकर अलग हो रहा है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुमान सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसमें हमारे कटनी जिले का यह फ्लाइओवर भी शामिल है। भाजपा के विधायक और मंत्री बिना गुणवत्ता देखे ही ऐसे परियोजनाओं का लोकार्पण कर देते हैं, जिसका खामियाजा आखिरकार जनता को भुगतना पड़ता है। हमारी प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द इस फ्लाइओवर की उच्च-स्तरीय जांच कराई जाए और तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए। इस फ्लाईओवर ने मिशन चौक पर लगने वाले लंबे जाम की समस्या को खत्म करने में सफलता पाई है। हालांकि, सड़क की इस खराब हालत ने जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पूर्व सीएम ने किया था उद्घाटन 85 करोड़ 49 लाख 45 हजार की लागत से बना फ्लाईओवर डेढ़ किलोमीटर (1433 मीटर) लंबा है। ये रेल ओवरब्रिज बरगवां से चांडक चौक तक फैला है। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 7 अप्रैल 2022 को किया था। इसे 48 पिलरों पर बनाया गया था। इसकी भार वहन क्षमता 70 टन है। 18.4 मीटर की ऊंचाई के कारण इसे प्रदेश का सबसे ऊंचा रेल ओवरब्रिज भी बताया गया था।


