निवाड़ी जिले की ग्राम पंचायत मडवा राजगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह धरना पृथ्वीपुर जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर चल रहा है। ग्रामीण सरपंच और सचिव पर लाखों रुपए के फर्जी भुगतान और बिना काम के बिल पास कराने का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी बिल बनवाकर लाखों रुपए का भुगतान किया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई विकास कार्य नहीं हुआ। उनका कहना है कि पंचायत भवन की मरम्मत, खेल मैदान और अन्य सार्वजनिक कार्यों के नाम पर सिर्फ कागजी कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एकजुट होकर उन्होंने यह आंदोलन शुरू किया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और भ्रष्टाचारियों को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक यह धरना जारी रहेगा। धरने में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हैं। समाजसेवी अवधेश प्रताप सिंह बुंदेला ने कहा कि ग्राम पंचायत मडवा राजगढ़ में खुले तौर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना काम के फर्जी बिल लगाए गए और अधिकारियों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।


