छतरपुर में मंगलवार को एक युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि नौगांव थाना क्षेत्र में तीन युवकों ने कट्टे की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके भाइयों के साथ मारपीट भी की। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने उसकी शिकायत उसके बताए अनुसार दर्ज नहीं की। एसपी ने मामले में महिला थाने को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़िता ने बताया कि 1 अक्टूबर को वह बैंक जा रही थी, तभी नरेश, चंदन और मनीष अहिरवार नामक तीन युवकों ने उसे कट्टा दिखाकर दौरिया के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसे बापू कॉलेज के पास छोड़ दिया गया। जब उसके भाइयों ने उसे देखा, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। 1 अक्टूबर को बापू डिग्री कॉलेज के पास इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया था। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया था और एक आरोपी को हिरासत में लिया था। युवती बोली- अब सरपंच धमकी दे रहा
युवती का आरोप है कि पुलिस उसकी दुष्कर्म की शिकायत को उसके बताए अनुसार दर्ज नहीं कर रही है। उसने यह भी बताया कि गांव का सरपंच राजेश उसके घर आकर कट्टा दिखाकर धमकी दे रहा है कि अगर उसने शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। नौगांव थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे ने बताया कि मारपीट की घटना में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि युवती की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, और उस समय युवती ने जो शिकायत की थी, उसी के अनुसार कार्रवाई की गई थी।


