कटनी में 37 ऑटो पर लगाए गए ‘डेटाबेस स्टिकर’:एसपी बोले- शहर में 7500 ऑटो-ई-रिक्शा पंजीकृत हैं, सब पर लगेगा

कटनी शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए विशेष अभियान और डेटाबेस सिस्टम लागू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत बुधवार को मुख्य रेलवे स्टेशन जंक्शन परिसर से हुई, जहां चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और पहले दिन 37 ऑटो वाहनों पर डेटाबेस स्टिकर लगाए गए। रेलवे स्टेशन से अभियान की हुई शुरुआत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए शुरू किए गए इस विशेष अभियान की शुरुआत आज मुख्य रेलवे स्टेशन जंक्शन परिसर में जागरूकता कार्यक्रम के साथ की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने चालकों से सीधा संवाद किया। यातायात नियमों को लेकर दी गई समझाइश एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने और यात्रियों से मर्यादित व्यवहार करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में चालकों की भूमिका बेहद अहम है। पहले दिन 37 वाहनों पर लगे डेटाबेस स्टिकर अभियान के पहले दिन 37 ऑटो वाहनों पर विशेष ‘डेटाबेस स्टिकर’ लगाए गए। यह स्टिकर पुलिस द्वारा सत्यापित चालकों को ही दिए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कटनी शहर में करीब 7500 ऑटो और ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इन सभी वाहनों का चरणबद्ध तरीके से पुलिस सत्यापन किया जा रहा है, ताकि अवैध और बिना अनुमति चल रहे वाहनों पर रोक लगाई जा सके। स्टिकर में होगी चालक और पुलिस की पूरी जानकारी हर सत्यापित वाहन के पीछे लगाए जाने वाले स्टिकर में चालक का मोबाइल नंबर, वाहन का पंजीकरण क्रमांक, पुलिस सहायता केंद्र का नंबर और आपातकालीन संपर्क नंबर दर्ज रहेगा। इससे जरूरत पड़ने पर यात्री तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। महिलाओं और बाहरी यात्रियों को मिलेगा सुरक्षा का भरोसा यह व्यवस्था खास तौर पर महिलाओं और बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षा की भावना बढ़ाएगी। किसी तरह के दुर्व्यवहार या सामान गुम होने की स्थिति में यात्री स्टिकर पर दी गई जानकारी के माध्यम से पुलिस को तुरंत सूचना दे सकेंगे। चालान नहीं, सुधार और प्रोत्साहन है उद्देश्य एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने साफ किया कि यह अभियान चालकों पर दबाव बनाने या केवल चालान काटने के लिए नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य सुधार और जागरूकता है, ताकि चालक जिम्मेदारी के साथ सेवा दें। जो ऑटो और ई-रिक्शा चालक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करेंगे और यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे, उन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। इससे चालकों को सकारात्मक संदेश मिलेगा। जाम और अव्यवस्था पर लगेगी लगाम शहर के प्रमुख चौराहों पर बेतरतीब खड़े ऑटो और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इस पहल से अवैध वाहनों की पहचान आसान होगी और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। पुलिस विभाग का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सभी 7500 ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों का सत्यापन कर डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि कटनी शहर की यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित व सुगम बनाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *